रूस के राष्ट्रपति दिमित्र मेदवेदेव ने कहा कि रूस को शक्तिशाली राष्ट्रपति प्रणाली की जरूरत है और संसदीय लोकतंत्र से देश की मृत्यु हो सकती है।
मेदवेदेव ने जी-8 देशों के मीडिया के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि लोकतंत्र की संसदीय प्रणाली के प्रति पूरे सम्मान के साथ मैं मानता हूँ कि रूस में संसदीय लोकतंत्र का मतलब एक देश के रूप में रूस की मौत होगी।
जापान में अगले सप्ताह प्रस्तावित जी-8 के शिखर सम्मेलन से पहले रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस को एकताबद्ध बने रहने के लिए दशकों यहाँ तक कि आने वाले सैकड़ों साल तक राष्ट्रपति आधारित गणराज्य बना रहना होगा।
मेदवेदेव ने कहा कि अगर रूस को भविष्य में एक सफल देश बनना है तो विभिन्न राजनीतिक शक्तियों के बीच प्रतिस्पर्धा एक अनिवार्य अवयव होना चाहिए और यह प्रतिस्पर्धा कानून के दायरे में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि हमारा देश वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बना रहे, यहाँ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए।
|