मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
भूटानी संसद में अब लैपटॉप नहीं चलेगा  Search similar articles
भूटान में संसद सत्र के दौरान सदस्यों के लैपटॉप लाने पर रोक लगा दी गई है। तर्क दिया गया है कि कुछ सांसद बैठक के दौरान भी लैपटॉप पर खेलते रहते हैं।

राष्ट्रीय असेंबली के स्पीकर नीमा शेरिंग का कहना है कि सत्र के दौरान लैपटॉप सांसदों को उनके काम से 'बुरी तरह भटका' रहे हैं। शेरिंग ने कहा- 'मैंने देखा है कि जब कई सांसद गंभीर मसलों पर बहस कर रहे होते हैं तब भी कई सांसद लैपटॉप पर खेल रहे होते हैं।' सांसदों ने स्पीकर के इस आरोप को खारिज कर दिया है।

हिमालय क्षेत्र में बसा यह छोटा-सा देश धीरे-धीरे आधुनिक दुनिया के साथ कदम मिला रहा है। इसी साल मार्च में यहाँ पहली बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराए गए थे।

शेरिंग ने कहा कि मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है कि वे लैपटॉप लेकर आएँ और बहस के दौरान जरूरी आँकड़े देखने के लिए उसकी मदद लें लेकिन अगर वे उस पर खेलते हैं और बहस में दिलचस्पी नहीं लेते हैं तो मुझे इस पर एतराज है।

संसद के सदस्य स्पीकर की बातों से सहमत नहीं हैं, लेकिन वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। सदन में लैपटॉप ले जाने के आदी रहे एक युवा सांसद ने कहा कि हम स्पीकर से कोई टकराव नहीं चाहते।

हमारा लोकतंत्र नया है और हम इसे टकराव से शुरू नहीं करना चाहते। यह सांसद सत्तारूढ़ भूटान सद्भावन दल (डीपीटी) से संबंध रखते हैं। इनका कहना है कि हालाँकि यह सच नहीं है कि हम हमेशा खेलते ही रहते थे। वे कहते हैं कि हमें लैपटॉप की जरूरत है, क्योंकि ये हमें भारी मात्रा में कागजात ले जाने से बचाता है।

ई-खेल की लोकप्रियता : भूटान की राष्ट्रीय असेंबली ने संसद परिसर में दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ ही खाने और धूम्रपान पर भी रोक लगाई है। शेरिंग कहते हैं- 'मैं संसद परिसर को जहाँ तक हो सके, कूड़े-कचरे से मुक्त रखना चाहता हूँ।'

डीपीटी के सांसद ने शेरिंग के इसी तर्क का हवाला देते हुए कहा कि हमें इसीलिए लैपटॉप लाने की इजाजत देनी चाहिए, क्योंकि कागजात लाने से कचरा पैदा होगा। कुछ और सांसदों ने भी इसी तरह की बात की लेकिन वे इस पर खुलकर बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में भूटान में कम्प्यूटर पर खेलना लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले पाँच सालों में घरेलू कम्प्यूटर और लैपटॉप की बिक्री में पचास से साठ फीसदी का इजाफा हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह तो यह है कि नौ साल पहले ही इस देश में इंटरनेट सेवा की शुरुआत हुई है। उसी समय यहाँ टेलीविजन भी आया था।
और भी
दलाई लामा को प्रगति की उम्मीद
गुटनिरपेक्षता में फूँकेंगे नई जान
...जहाँ वेश्यावृत्ति करती हैं विवाहित महिलाएँ
शिल्पा शेट्‍टी लंदन में पुरस्कृत
ऊँची तेल कीमतों की आदत डालें
कंपनी को भारी पड़ा सिख से भेदभाव