मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
आतंकवाद को पाल रहा है पाकिस्तान  Search similar articles
पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी पीपीपी के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने पाकिस्तान को आतंकवाद की नर्सरी करार देते हुए कहा कि पश्चिमी राष्ट्रों ने इसके अवाम के बजाय इसकी सेना में निवेश कर इस देश का इस्तेमाल अपने लघुकालिक राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया।

जरदारी ने एथेन्स में सोशलिस्ट इंटरनेशनल कांग्रेस में अपने मुख्य संबोधन में कहा कि पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद की पेट्रीडिश बन गया है। यह नाकाम अंतरराष्ट्रीय सियासत का उत्पाद है और हमारा सृजन नहीं है।

उन्होंने कहा औपनिवेशवाद के तहत हमारा शोषण किया गया। शीतयुद्ध के दौरान हमारा इस्तेमाल किया गया। अफगानिस्तान में सोवियतों के खिलाफ जंग के लिए हमें एक पक्ष में बदल दिया गया और जब वह जंग जीत ली गई तो पाकिस्तान और जिस देश को हमने मुक्त कराया उसे उग्रवाद और धर्मांधता की शक्तियों के हाथों में अकेला छोड़ दिया गया।

जरदारी ने आतंकवाद के उन्मूलन के लिए क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं और बुनियादी ढाँचे के पुनर्निर्माण के लिए एक अंतरराष्ट्रीय प्रयास का आह्वान करते हुए कहा कि विश्व समुदाय ने लघुकालिक उद्देश्यों के लिए पाकिस्तान को इस्तेमाल करने की बेइंतहा कीमत चुकाई है।

पाकिस्तान को दुनियाभर के एक अरब 30 करोड़ मुसलमानों के लिए अब भी आधुनिकता के एक मॉडल में तब्दील किया जा सकता है और इसके लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मदद जरूरी है।

जरदारी ने कहा हम अकेले इसे पूरा नहीं कर सकते। हमें दुनिया की मदद की जरूरत है। जब हम कामयाब होंगे हम उग्रवाद और आतंकवाद पर अंकुश लगाएँगे, लेकिन अगर हम नाकाम रहे तो दुनिया भी हमारे साथ नाकाम रहेगी।

जरदारी ने इंगित किया कि हर माह पाकिस्तान के कबायली इलाकों और सीमावर्ती इलाकों और अफगानिस्तान में नए सियासी मदरसे ओर चरमपंथी मस्जिदें उभर रही हैं।

उन्होंने सवाल दागा कि संयुक्त राष्ट्र अमेरिका या ब्रिटेन ने हमारी सरजमीं पर आतंकवाद के शिकार बनने वालों को कभी एक सेंट भी दिया। जरदारी ने कहा महाशक्तियों की गोलियों, मिसाइलों और टैंकों से ज्यादा अच्छे ढंग से एक खुशहाल पाकिस्तान हमारी सीमाओं को आतंकवाद के अवशेषों से मुक्त करेगा।

उन्होंने कहा पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ सभ्य विश्व के एजेंट की तरह नहीं, बल्कि साझेदार के रूप में खड़ा है, क्योंकि हम पाकिस्तान की आत्मा के लिए लड़ रहे हैं।
और भी
सिंगापुर पहुँचे पूर्व युवराज पारस
बच्चों को लेकर चिंतित हूँ-चेरी ब्लेयर
चीन की तर्ज पर होती थी पूछताछ
दक्षिणी कोरिया जाएँगे बुश
ओबामा ने दी मानेकशॉ को श्रद्धांजलि
अमेरिकी राष्ट्रपति की कमेटी में भारतीय