अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश अगस्त महीने में बीजिंग ओलिंपिक खेलों से पहले दक्षिणी कोरिया जाएँगे।
व्हाइट हाउस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाँच तथा छह अगस्त को बुश दक्षिणी कोरिया जाएँगे। हालाँकि यह नहीं बताया गया है कि आठ अगस्त को ओलिंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में वे भाग लेंगे या नहीं।
नेशनल सिक्यूरिटी काउंसिल में एशियाई मामलों के निदेशक डेनिस वाइल्डर ने बताया कि जापान में अगले सप्ताह होने वाले ग्रुप ऑफ एट (जी-8) सम्मेलन में बुश दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति ली म्यूंग बाक से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कल यहाँ बताया कि बुश के दक्षिणी कोरिया के दौरे की तिथि पाँच और छह अगस्त तय की गई है वह इसी समय ओलिंपिक खेलों के लिए बीजिंग जाने वाले हैं। बुश की दक्षिण कोरिया की यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी के आधार पर अमेरिकी राष्ट्रपति को इस क्षेत्र में 'ग्राउंड वर्क' करने का मौका मिल पाएगा।
वाइल्डर की इस टिप्पणी से यह प्रश्न सामने आ रहा है कि बुश बीजिंग ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे या नहीं। इस प्रश्न का जवाब अभी तक व्हाइट हाउस ने नहीं दिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता गार्डन जानडोरे ने कहा कि बुश के कार्यक्रम की अभी तक अधिकारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। यह पूछे जाने पर कि दक्षिणी कोरिया और चीन जाने से पहले बुश बीच में और कहीं भी जा सकते हैं उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया।
|