भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को विदेश में इलाज कराने के लिए बुधवार को पेरोल पर रिहा कर दिया गया।
वर्ष 1996 से 2001 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं हसीना को देश की सैन्य समर्थित कार्यवाहक सरकार ने भ्रष्टाचार के एक मामले में गत वर्ष 16 जुलाई को हिरासत में लिया था।
उनके वकील फजल नूर तपस ने बताया कार्यवाहक सरकार के प्रमुख सलाहकार डॉ. अहमद ने मंगलवार रात हसीना के रिहाई आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद उन्हें बुधवार दोपहर बाद छह अगस्त तक के लिए रिहा कर दिया गया।
हसीना की रिहाई की खबर मिलते ही उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें देखने और बधाई देने संसद परिसर के उस स्थान पर उमड़ पड़े, जहाँ एक अस्थायी करावास में हसीना को इतने दिनों तक रखा गया था।
हसीना रिहा होते ही कड़ी सुरक्षा के बीच धान मंडी स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गईं। ढाका में 21 अगस्त 2004 को हुए एक ग्रेनेड हमले के बाद से 61 वर्षीय हसीना कान और आँखों की तकलीफ से पीड़ित हैं। डॉक्टरों ने उन्हें विदेश में इलाज कराने की सलाह दी है।
|