चीन में सोमवार को आए विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या मंगलवार को 12000 के पार पहुँच गई है, जबकि बचावकर्मी दूरदराज के कस्बे और गाँवों में इमारतों के मलबे में दबे हजारों लोगों तक पहुँचने की कोशिश कर रहे हैं।
तीन दशक में आए इस सर्वाधिक विनाशकारी भूकंप से कई इलाके पूरी तरह तबाह हो गए। हजारों चीनी सैनिकों और डॉक्टरों के दलों को भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित सिचुआन प्रांत के विभिन्न इलाकों में भेजा गया है।
सिचुवान प्रांत के भूकंपीय सर्वेक्षण ब्यूरो के मुताबिक आज स्थानीय समयानुसार सुबह पाँच बजे तक भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता छह तक थी।
चीन की सरकारी मीडिया ने खबर दी है कि भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या सिचुआन प्रांत में ही 12000 से अधिक हो गई है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार प्रांत के मिआनझाऊ शहर में कम से कम 10 हजार लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हैं, जबकि मिआंगयांग शहर में 3629 लोगों के मरने के पुष्टि हो गई तथा 18 हजार 645 अब भी मलबे में दबे हैं।
शिन्हुआ ने कहा कि मियांग में सड़कों और इमारतों को गंभीर क्षति पहुँची है और पानी तथा गैस की आपूर्ति कट गई है। प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने कल शाम सिचुआन प्रांत का दौरा किया। उन्होंने इस विपदा की घड़ी में लोगों से शांति विश्वास और साहस बनाए रखने को कहा है।
प्रधानमंत्री वेन जिआबाओ ने कल शाम सिचुआन प्रांत का दौरा किया। उन्होंने कहा स्थिति उससे कहीं खराब है, जिसकी हमने कल्पना की थी। हमें मदद के लिए और लोगों की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोग मलबे में दबे हैं। हमें हर सेकंड का इस्तेमाल करना चाहिए। भूकंप के केंद्र से करीब 160 किलोमीटर पूर्वोत्तर में राहतकर्मी उस स्कूल की इमारत के मलबे में जीवितों के लिए तलाश कर रहे हैं, जहाँ 1000 छात्र और शिक्षक दब गए थे।
चीन में शक्तिशाली भूकंप, 8500 मरे
|