चीन के दक्षिण पश्चिम प्रांत सिचुआन में सोमवार को शक्तिशाली भूकंप में 8500 लोग मारे गए। प्रधानमंत्री वेन जिबाओ ने आपदा की इस घड़ी में शांति विश्वास और साहस बनाए रखने की अपील की है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने प्रांतीय आपदा मुख्यालय के हवाले से कहा कि पूर्वोत्तर सिचुआन प्रांत की बेचुन काउंटी में आए इस विनाशकारी भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 मापी गई। इस काउंटी में 3000 से 5000 लोगों के मरने की आशंका है।
हालाँकि भारतीय दूतावास के सूत्रों ने यहाँ कहा कि भूकंप में कोई भारतीय प्रभावित नहीं हुआ है। दूतावास सूत्रों ने बताया जहाँ तक भारतीयों की बात है, अब तक किसी परेशानी की सूचना नहीं मिली है। सूत्रों ने कहा कि दूतावास ने चेंगू और अन्य स्थानों पर संपर्क कर इस बारे में पता किया है।
अधिकारियों ने कहा कि वेंचुआन काउंटी से 146 किलोमीटर दूर चेंगू की राजधानी के पश्चिमोत्तर में स्वायत्त काउंटी बेचुआन में 80 प्रतिशत इमारतें ढह गई हैं। आधिकारिक समाचार एजेंसी ने आज रात सिचुआन स्थानीय सरकार के हवाले से बताया कि मृतकों की संख्या 8533 पहुँच गई है।
एजेंसी ने इससे पहले आपदा राहत मुख्यालय के हवाले से कहा था कि हताहतों की गणना अभी जारी है। आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि सिचुआन प्रांत में भूकंप के केंद्र वेंचुआन से करीब 100 किलोमीटर दूर दुजिआंग्यान में एक स्कूल की इमारत ढहने से 900 छात्रों के दबकर मरने की आशंका है। शिन्हुआ ने हालाँकि कोई ब्योरा नहीं दिया। प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने राहत कार्यों का जायजा लेते हुए कहा चीन में मेरे साथी आपदा झेल रहे हैं। हमें शांति, साहस, विश्वास और पर्याप्त संगठन से काम लेने की जरूरत है।
शिन्हुआ ने खबर दी है कि भूकंप में दो रासायनिक संयंत्रों को भी नुकसान पहुँचा है, जिससे आसपास रहने वाले हजारों लोगों को चिंता होने लगी है और 6000 से अधिक लोगों को वहाँ से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है।
शिन्हुआ ने सरकारी प्रशासन के एक अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि सिचुआन प्रांत में भूकंप के केंद्र से करीब 50 किलोमीटर दूर एक फैक्टरी थी।
पीड़ितों को तत्काल राहत पहुँचाने के लिए सरकार ने सेना भेजी है, जबकि राष्ट्रपति हू जिन्ताओ ने भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए सभी प्रयास करने का आदेश दिया है।
भूकंप के झटके पड़ोसी गंसू और युन्नान प्रांत था चोंग्गिंग नगरपालिका में भी महसूस किए गए और यहाँ भी कुछ हताहत होने की संभावना है। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक और वियतनाम के हनोई शहर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
गौरतलब है कि चीन में इतना शक्तिशाली भूकंप 28 जुलाई 1976 को बीजिंग के निकट तांगशान शहर में आया था जहाँ दो लाख से अधिक लोग मारे गए थे। पूर्वी बीजिंग में भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 आँकी गई।
बीजिंग के एक दफ्तर में काम करने वाली लिजा वांग के हवाले से बताया गया मेरे 50 से अधिक साथी छठी मंजिल से नीचे उतरकर इमारत के सामने खुले में आ गए।
सिचुआन में आज जो भूकंप आया है, वह पिछले 30 साल में सबसे अधिक शक्तिशाली है। इस भूकंप के बाद 44 हलके झटके महसूस किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक शक्तिशाली झटके की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 थी।
चीन की वायुसेना ने भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में मदद के लिए हेलिकॉप्टर भेजे हैं, जबकि सरकारी भूकंपीय विज्ञान ब्यूरो हालात का जायजा लेने के लिए दल भेज रहा है।
|