पाकिस्तान के नए रक्षामंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने कहा है कि अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन उनके देश में नहीं छिपा है।
'डॉन' समाचार चैनल से मुख्तार ने कहा कि मैं नहीं सोचता कि लादेन पाकिस्तान में है, क्योंकि हमने अपने इलाके की पूरी तलाशी ली है।
गौरतलब है कि पश्चिमी देशों के समाचार-पत्रों में लगातार खबरें आई हैं कि लादेन अफगानिस्तान की सीमा से लगने वाले पाकिस्तान के कबायली इलाके में छिपा है।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान से लगने वाली सीमा पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित करना संभव नहीं है, लेकिन पाकिस्तान अपने भू-भाग में सक्रिय अलकायदा उग्रवादियों को पकड़ने की हरसंभव कोशिश कर रहा है।
मुझे नहीं लगता कि उनकी संख्या सैकड़ों में होगी। हमारी कोशिश है कि उनके नेतृत्व को पकड़ें और अदालत के कटघरे तक लाएँ।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना को शुरू में उग्रवाद के खिलाफ मुहिम में कुछ दिक्कत हुई, क्योंकि अब तक उसे केवल परंपरागत शत्रु से ही लड़ने का प्रशिक्षण मिला था, लेकिन पिछले दो वर्ष में स्थिति बदली है।
मुख्तार ने कहा कि प्रणाली में कुछ मामूली खामियाँ हैं, लेकिन हम उस युद्ध के लिए प्रशिक्षित नहीं हैं, जो हम लड़ रहे हैं। हम ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ने नहीं जा रहे हैं, जो उग्रवादी है। हम ऐसे व्यक्ति को अदालत तक ले जाएँगे।
अफगानिस्तान की सीमा से सैनिकों की वापसी के बारे में रक्षामंत्री ने कहा कि अगर हम सीमाओं पर शांति चाहते हैं तो वहाँ लंबे समय तक सेना तैनात रखने की जरूरत नहीं है।
जब तक हम देश से उग्रवादियों और आत्मघाती हमलावरों को खदेड़ नहीं देते, मुझे नहीं लगता कि सीमा से सैनिकों को हटाना ठीक होगा।
|