पाकिस्तान का 8-10 करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता का अनुरोध अमेरिका ने खारिज कर दिया है। एक समाचार-पत्र में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि पाकिस्तान का यह अनुरोध इन सूचनाओं के बाद ठुकराया गया कि इस्लामाबाद ने बड़ी धनराशि भारत के साथ क्षेत्रीय टकराव से निपटने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों को खरीदने में खर्च की है।
'लॉस एंजिल्स टाइम्स' में प्रकाशित खबर के अनुसार पाकिस्तान ने पेंटागन से 8-10 करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता का अनुरोध किया था, लेकिन इस बीच उसकी यह कह कर आलोचना हुई कि इस्लामाबाद ने अमेरिका से मिली धनराशि का दुरुपयोग किया और अलकायदा को अफगानिस्तान की सीमा से लगे कबाइली इलाके में अपने ठिकाने बनाने की अनुमति दी।
अखबार में कहा गया है निजी तौर पर अमेरिकी अधिकारी जानते थे कि उन्हें पाकिस्तान द्वारा धनराशि के व्यय करने के बारे में बहुत कम ही जानकारी दी गई।
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान ने उग्रवाद से निपटने की तैयारी में धन खर्च करने के बजाय भारत से क्षेत्रीय टकराव के मुकाबले के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदी पर धन खर्च किया।
|