ब्राजील, अफ्रीका तथा दक्षिण-पूर्व एशिया में पिछले साल हुई भयंकर विमान दुर्घटनाओं ने पूरे विश्व को एक दशक में पहली बार विमान दुर्घटनाओं के संदर्भ में सोचने को मजबूर कर दिया है।
अफ्रीका विमान दुर्घटनाओं के लिए सबसे खतरनाक क्षेत्र रहा, जहाँ प्रति 10 लाख उड़ानों में 4.09 दुर्घटनाग्रस्त हुईं। जेनेवा स्थित अंतरराष्ट्रीय विमान यातायात संघ (आईएटीए) ने अपनी वार्षिक सुरक्षा रिपोर्ट में कहा है कि पिछले साल हवाई दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या पूर्व के आँकड़ों से कम हुई है। यह पूर्व में 855 से घटकर 692 तक सीमित रही। इस अवधि में यात्रियों के आवागमन में छह फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पश्चिम में बने जेट विमानों के दस लाख उड़ानों में एक से भी कम को नुकसान पहुँचा अथवा दुर्घटनाग्रस्त हुई।
आईएटीए की गणना के अनुसार 2006 की 77 गंभीर विमान दुर्घटनाओं की तुलना में 2007 में 100 दुर्घटनाएँ हुईं। पश्चिम की बोइंग या एयर बस कंपनी द्वारा बनाए गए विमान विश्वभर में 85 फीसदी उड़ानों में प्रयोग में लाए जाते हैं। उत्तर अमेरिका, यूरोप तथा पूर्व सोवियत रूस के देशों में सबसे कम विमान दुर्घटनाएँ हुईं।
|