दक्षिणी इराकी शहर बसरा में अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन बलों के खिलाफ रॉकेट हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग बगदाद में अलग-अलग हमलों में मारे गए।
अमेरिकी सेना ने कहा कि गठबंधन बलों के लिए काम कर रहे दो नागरिक उस समय मारे गए, जब रॉकेट गठबंधन सेना के बसरा स्थित आधार शिविर में गुरुवार को करीब 16.50 बजे गिरे। उसने कहा कि आठ घायल लोगों में चार गठबंधन के सैनिक हैं।
सेना ने एक बयान में कहा कि गठबंधन के हवाई हथियार दस्ते ने बिना चालक वाले विमान से जवाबी कार्रवाई की और छह आतंकवादी मारे गए।
पुलिस के अनुसार पत्तन शहर में हमला बगदाद में दो रॉकेटों के गिरने के कुछ घंटों के बाद हुआ, जिसमें दो नागरिक मारे गए।
रॉकेट हमले के तुरंत बाद पश्चिम बगदाद के मंसूर में कार बम विस्फोट हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मी और चार नागरिक मारे गए तथा 19 अन्य घायल हो गए।
|