अमेरिका में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी में हो रहे चुनाव में आगे चल रहे बराक ओबामा ने कहा है कि अगर वे अपनी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन को हराने में सफल होते हैं तो उन्हें उपराष्ट्रपति की उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
ओबामा ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे उपराष्ट्रपति पद के लिए काबिल उम्मीदवार हैं। वे राष्ट्रपति पद के लिए भी पूरी तरह योग्य हैं।
उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए अभी तक उनका अभियान थमा नहीं है, लेकिन जब इसका निर्णय हो जाएगा तो वे उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
ओबामा ने हिलेरी के बारे में कहा कि वे जुझारू, विवेकशील और क्षमतावान हैं, इसलिए निश्चित रूप से उपराष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों की अंतिम सूची में उनका नाम होना चाहिए।
प्राइमरी चुनावों में ओबामा ने नॉर्थ कैरोलीना में भारी जीत दर्ज की थी, जबकि इंडियाना में वे हिलेरी से मामूली अंतर से हार गए थे।
|