कैलिफोर्निया के एक सुपर डेलिगेट ने राष्ट्रपति पद के चुनाव की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल डेमोक्रेटिक प्रत्याशियों को समर्थन देने के लिए दो करोड़ अमेरिकी डॉलर की माँग की है। सुपर डेलिगेट स्टीवन यबारा का समर्थन पाने की कीमत दो करोड़ अमेरिकी डॉलर होगी।
डेमोक्रेटिक दल की राष्ट्रीय समिति के इस सदस्य ने मैक्सिको और अमेरिका के मतदाताओं को नवंबर में होने वाले चुनाव में अपनी ओर खींचने के लिए बराक ओबामा या हिलेरी क्लिंटन से यह राशि चाही है।
सुपर डेलिगेट्स पार्टी के अंदरूनी सदस्य और निर्वाचित अधिकारी होते हैं जो अगस्त में दल की ओर से उम्मीदवारी को लेकर होने वाले सम्मेलन में मतदान कर सकते हैं। इस वर्ष उम्मीदवारी के इस कड़े मुकाबले में ओबामा और क्लिंटन में से कोई भी सुपर डेलिगेट्स की मदद के बिना जीत हासिल नहीं कर सकता।
यबारा ने बताया कि जब तक कोई उन्हें धन नहीं देता तब तक उनकी अनिर्णय की स्थिति में ही रहने की योजना है। जब उनसे पूछा गया कि वे उम्मीदवार के बारे में कब निर्णय करेंगे तो उन्होंने कहा कि किसी ने भी अभी तक मुझे कोई धनराशि नहीं दिखाई। यबारा का अनुमान है कि मैक्सिको और अमेरिका के 13 लाख मतदाता मैक्सिको, कोलोराडो, फ्लोरिडा और अन्य राज्यों से नई सूची में जुड़ सकते हैं। यह डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के लिए निर्णायक सिद्ध होगा।
|