अपने बुरे दिनों से निजात पाने के लिए प्रयासरत पॉप गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स के लिए एक और मौका मिल गया है। काफी समय से अपने पूर्व पति केविन फेडरलाइन के साथ बच्चों के संरक्षण के मामले उलझी हुई ब्रिटनी को उनके बच्चों से मिलने के समय में और अधिक रियायत मिल गई है।
न्यायालय ने ब्रिटनी को यह अधिकार उनके सुधरने के प्रयास को देखते हुए प्रदान किए हैं। माना जा रहा है कि न्यायालय का यह कदम ब्रिटनी की मानसिक स्थिति में हो रहे सुधार को पूरी तरह से ध्यान में रखकर लिया गया है।
‘न्यूयॉर्क डेली’ नामक समाचार-पत्र ने माना है कि न्यायालय द्वारा ब्रिटनी को दी गई यह छूट उनकी मानसिक स्थिति में हो रहे सुधार को देखते हुए सराहनीय है।
वहीं दूसरी ओर, टीएमजेड.कॉम नामक वेबसाइट के अनुसार मदर्स-डे के लिए ब्रिटनी को अपने बच्चों के साथ तीन दिन तक रहने की अनुमति भी मिल गई है, जिससे वह अपना मदर्स-डे अपने बच्चों के साथ बिता सकें।
|