इन दिनों हॉलीवुड अभिनेत्री एंजिलिना जोली के पैर खुशी से जमीन पर नहीं पड़ रहे हैं। जहाँ एक तरफ जोली अपने जीवन में आने वाले नए मेहमान को लेकर बेहद उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर जोली को इस साल के एमटीवी अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ खलनायिका के लिए नामित किया गया है।
इस अभिनेत्री को फिल्म ‘बोवुल्फ’ में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए नामित किया गया है। जोली के साथ-साथ अभिनेता जॉनी डेप (स्वीनी टोड), डेंजेल वाशिंगटन (अमेरिकन गैंगस्टर), ट्रोफर ग्रेस (स्पाइडरमैन थ्री) और जेवियर बार्डेम (नो कंट्री फॉर ओल्डमैन) को भी चयनित किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, ‘सुपरबैड’ व ‘जूनो’ को भी सर्वश्रेष्ठ फिल्मों की श्रेणी का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके साथ ही इस श्रेणी की अन्य फिल्में हैं ‘ट्रांसफार्मर’, ‘पाइरेट्स ऑफ कैरेबियन’, ‘आई एम लीजेंड’ आदि फिल्मों का भी चयन किया गया है।
गौरतलब है कि अवॉर्ड समारोह एक जून को अमेरिका में आयोजित किया जाएगा। जो भी हो, पर इस समय जोली के सितारे बुलंदियों पर हैं।
|