मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
मेदवेदेव रूस के राष्ट्रपति बने
दिमित्री अनातोल्येविच मेदवेदेव ने बुधवार को क्रेमलिन में आयोजित एक भव्य समारोह में रूस के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की।

मेदवेदेव ने निवर्तमान राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का स्थान लिया है। पेशे से कंपनी मामलों के वकील और लंबे समय से पुतिन के अनुयायी रहे 42 वर्षीय मेदवेदेव ने इस मौके पर लाल कवर में लिपटी रूस के संविधान की प्रति पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह क्रेमलिन के भव्य सभागार में आयोजित किया गया था। इस मौके पर तकरीबन 2 हजार अधिकारी, मंत्री और गणमान्य लोग उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह का सरकारी टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया गया।

मेदवेदेव के सभागार में पहुँचने के चंद मिनट पहले पुतिन वहाँ पहुँचे और देशवासियों को उनके विश्वास और सहयोग के लिए बधाई दी तथा मेदवेदेव का समर्थन करने के लिए उनकी हौसला अफजाई की।

पुतिन ने गत वर्ष दिसंबर में मेदवेदेव को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया था, जिसके साथ ही राष्ट्रपति पद के लिए मेदवेदेव का चयन लगभग तय माना जा रहा था।

राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद पुतिन के प्रधानमंत्री पद ग्रहण करने के साथ ही देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब सत्ता के दो केन्द्र बन जाएँगे।

यह समारोह पुतिन के समय आयोजित शपथ ग्रहण समारोह की तर्ज पर ही आयोजित किया गया। इस दौरान विदेशी मीडिया को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

पूर्व राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन के काल में अंगीकृत देश के नए संविधान के तहत देश के राष्ट्रपति को काफी शक्तिशाली अधिकार मिले हुए हैं, जिसमें देश की विदेश नीति, गृह नीति और देश की महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसियों को नियंत्रित करने तथा महत्वपूर्ण मंत्रियों की नियुक्ति जैसे अधिकार शामिल हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि मेदवेदेव के आने के बावजूद रूस की राजनीति में कोई खास बदलाव नहीं आने वाला। अरसे से पुतिन के अनुयायी रहे मेदवेदेव द्वारा पुतिन की नीतियों को ही आगे बढ़ाने की संभावना है।

खुद पुतिन भी यह कह चुके हैं कि उन्हें मेदवेदेव के साथ काम करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी क्योंकि उनके विचार मेदवेदेव से काफी मिलते-जुलते हैं।
और भी
हिलेरी के खिलाफ ओबामा को बढ़त
इमरान ने बनाया विश्वस्तरीय कॉलेज
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टैक्सी चालक नाराज
आयरलैंड के प्रधानमंत्री का इस्तीफा
हथियार प्रदर्शनी से अमेरिका विचलित नहीं
चिली में ज्वालामुखी दहका