अश्वेत डेमोक्रेटिक नेता बराक ओबामा ने महत्वपूर्ण उत्तरी कैरोलिना में जीत का परचम लहराकर और इंडियाना में कम अंतर से हारकर अपनी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन से बढ़त हासिल कर ली है, जबकि हिलेरी ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव की डेमोक्रेटिक उम्मीदवारी की होड़ से हटने से इनकार कर दिया है।
उधर 60 वर्षीया हिलेरी ने उत्तरी कैरोलिना में शिकस्त खाकर 47 वर्षीय ओबामा की बराबरी का आखिरी मौका भी गँवा दिया। बहरहाल, कभी प्रबलतम प्रत्याशी मानी जाने वाली हिलेरी ने यह कहते हुए संघर्ष से हटने से इनकार कर दिया कि वह व्हाइट हाउस की दौड़ में पूरी रफ्तार से हैं।
उम्मीदवारी की तल्खी भरी होड़ में अब अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में मनोनयन और ओबामा के बीच महज 200 डेलीगेट का फासला बचा है।
बहरहाल उम्मीदवारी की इस मंजिल से बस एक हाथ दूर खड़े ओबामा ने अपनी जीत पर जश्न मनाते अपने समर्थकों से कहा ऐसे लोग हैं, जो कह रहे हैं कि उत्तरी कैरोलिना से इस चुनाव के खेल का रंगरूप बदल जाएगा, लेकिन उत्तरी कैरोलिना ने फैसला कर दिया कि एकमात्र खेल जिसमें तब्दीली की जरूरत है वॉशिंगटन डीसी में है।
|