अमेरिका ने कहा है कि वह सोवियत जमाने के सैन्य हथियारों को मास्को के ऐतिहासिक रेड स्क्वॉयर पर प्रदर्शित करने की रूस की योजना से बिल्कुल भी चिंतित नहीं है।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के प्रेस सचिव ज्यॉफ मोरेल ने कहा कि अगर रूस अपने पुराने सैन्य उपकरणों को निकालकर उन्हें जाँचना चाहता है तो वह शौक से ऐसा कर सकता है। हम इसका स्वागत करते हैं।
रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमीर पुतिन ने इस शुक्रवार को होने वाली वार्षिक परेड के दौरान भारी सैन्य हथियारों को प्रदर्शित करने की परंपरा को पुनर्जीवित करने का आदेश दिया है।
द्वितीय विश्व युद्ध में 1945 में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में हर वर्ष रेड स्क्वॉयर पर परेड आयोजित की जाती है, लेकिन सोवियत संघ के विघटन से एक वर्ष पहले 1990 से इस परेड में भारी हथियारों को प्रदर्शित नहीं किया गया है। रूस को फिर से बुलंदी पर पहुँचाने के लिए प्रयासरत पुतिन ने सोवियत जमाने की कई परंपराओं को बहाल किया है।
|