चिली के दक्षिणी क्षेत्र पेटागोनिया में हजारों वर्षों से सुशुप्त पड़े एक ज्वालामुखी के लावा उगलने से आसपास के लोगों को नौसैना के जहाजों पर लादकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
चेटन ज्वालामुखी पिछले शुक्रवार को सक्रिय हुआ था। उसमें से निकल रहे राख के गुबार ने आसपास के क्षेत्र में आकाश को पूरी तरह ढक दिया है। घनी राख के बादल पड़ोसी देश अर्जेंटीना तक पहुँच चुके हैं।
राष्ट्रीय आपातकाल कार्यालय ने बताया कि ज्वालामुखी ने मंगलवार को लावा उगलना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। हालाँकि लावा अभी तक ज्वालामुखी से नीचे उतरना शुरू नहीं हुआ है।
|