हेनान द्वीप में गोपनीय पनडुब्बी अड्डा बनाए जाने की खबरों को लेकर चीन ने कहा है कि उसे इस विवाद में नहीं घसीटा जाए।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्विन गैंग ने इन खबरों की सीधे तौर पर पुष्टि या खंडन किए बगैर कहा कि चीन विकास के मार्ग पर शांति से बढ़ रहा है। हमारी सैन्य नीति रक्षात्मक है। इससे किसी देश को कोई खतरा नहीं है, इसलिए इस पर विवाद नहीं करना चाहिए।
गौरतलब है कि दुनिया में रक्षा मामलों की सबसे ख्याति प्राप्त पत्रिका जेन ने हाल ही में चीन द्वारा हेनान द्वीप में समुद्र के नीचे एक बड़ा पनडुब्बी अड्डा बनाए जाने की खबर देकर सबको चौंका दिया था। पत्रिका ने सत्यता प्रमाणित करने के लिए इस अड्डे के बारे में उपग्रह से लिए चित्र भी छापे हैं।
पत्रिका ने कहा है कि इस खुफिया अड्डे 'सान्या' में जारी ढाँचागत निर्माण इस बात का संकेत दे रहे हैं कि भविष्य में यह देश की सेना और नौसेना का एक प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।
चीन की ओर से मंगलवार को इस पर दी गई प्रतिक्रिया में कहा गया कि हमारी समुद्री सीमा बहुत बड़ी है। इसके अंदर अपनी प्रभुसत्ता बनाए रखना हमारी सशस्त्र सेना की बड़ी जिम्मेदारी है।
|