बांग्लादेश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के खिलाफ आरोप तय किए हैं। जिया पर आरोप है कि उन्होंने बतौर प्रधानमंत्री रिश्वत लेकर कनाडा की एक तेल कंपनी को कई गैस फील्ड ठेके पर दिए। वे इस समय जेल में हैं।
आपातकाल शासित बांग्लादेश में शक्तिशाली भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (एसीसी) ने जिया और दस अन्य पर गैस ठेके में भ्रष्टाचार व सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इसके तहत उन्होंने वर्ष 2001-06 के दौरान कनाडा की निको रिसोर्स लिमिटेड को गैस फील्ड ठेके पर दिए, जिससे सरकारी खजाने को 8233 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
इस मामले में सोमवार देर शाम मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप तय किए गए। खालिदा जिया के साथ अन्य आरोपियों में बीएनपी सरकार के पूर्व विधिमंत्री मौदूद अहमद और पूर्व ऊर्जा राज्यमंत्री एकेएम मुशर्रफ हुसैन शामिल हैं।
पहली बार खालिदा जिया के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए हैं। उन्हें पिछले वर्ष तीन सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।
|