एक अनुमान के मुताबिक अगले 50 वर्ष में ब्रिटेन की जनसंख्या में एक तिहाई की बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। इसके बाद ब्रिटेन यूरोप में सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश हो जाएगा।
इन आँकड़ों का खुलासा होने के बाद ब्रिटेन में आने वाले प्रवासियों की संख्या को नियंत्रित करने की अप्रवासी विरोधी लोगों की माँग भी बढ़ जाएगी। देश के राष्ट्रीय सांख्यिकी विभाग के मुताबिक वर्ष 2056 तक ब्रिटेन की जनसंख्या छह करोड़ 80 लाख हो जाएगी यानी जनसंख्या का घनत्व 1349 प्रति वर्गमील होगा। ब्रिटेन की मौजूदा जनसंख्या पाँच करोड़ है और प्रति वर्गमील 1010 लोग रहते हैं।
राजधानी लंदन में अगले 20 वर्ष में प्रतिवर्ग मील जनसंख्या वर्तमान में 12377 से बढ़कर 13910 तक पहुँच जाएगी। 'डेली टेलीग्राफ' ने आव्रजन मंत्री डेमियन ग्रीन के हवाले से लिखा है कि लेबर पार्टी की आव्रजन नीतियों के नतीजन यह आँकड़े दर्शाते हैं कि लोक सेवाएँ असल में कितने दबाव में आ गई है।
आप्रवासी विरोधियों ने हाउस ऑफ लॉर्ड्स की उस रिपोर्ट पर ध्यान आकर्षित कराया है जिसमें बड़े पैमाने पर देश में आ रहे प्रवासियों से ब्रिटेन के मूल नागरिकों हो होने वाले फायदे पर सवाल उठाया गया है। पिछले एक दशक में ब्रिटेन में 13 लाख प्रवासियों के आने से आबादी का घनत्व जर्मनी से दो गुना और फ्रांस के चार गुना तक बढ़ गया है। राजधानी के अलावा पूर्वी और दक्षिण पश्चिमी ब्रिटेन में वर्ष 2029 तक जनसंख्या 16 फीसदी तक बढ़ जाएगी।
|