ऑस्ट्रेलिया के एक किडनी विशेषज्ञ ने मानव अंगों की बिक्री को कानूनी मान्यता देने की माँग कर चिकित्सकीय नैतिकता का विवाद खड़ा कर दिया है।
इस विशेषज्ञ ने मरीजों को इन अंगों को काले बाजार से प्राप्त करने के लिए भारत और पाकिस्तान जैसे देशों की यात्रा से रोकने के लिए यह यह माँग की है। कैनबरा के किडनी विशेषज्ञ गेविन कार्नी ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया को मानव अंगों की बिक्री को कानूनी मान्यता दे देनी चाहिए। इससे प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा सूची को कम करने में मदद मिलेगी। ऑस्ट्रेलिया में मानव अंगों की बिक्री पर छह महीने की जेल और 4092 अमेरिकी डॉलर के जुर्माने की सजा है। डॉ. कार्नी ने कहा कि इससे अंग प्रत्यारोपण की आस में भारत तथा पाकिस्तान जैसे तीसरी दुनिया के देशों में कई बीमार लोगों को वहाँ जाना नहीं पड़ेगा। डॉ. कार्नी ने फेयरफैक्स समाचार-पत्र से कहा कि जवान, स्वस्थ तथा योग्य लोगों को 50 हजार अमेरिकी डॉलर तक में उनकी किडनी बेचने की अनुमति प्रदान करना चाहिए। अभी किडनी प्रत्यारोपण के लिए ऑस्ट्रेलिया में लोगों को 10 साल तक इंतजार करना पड़ता है तथा अभी भी 1800 से अधिक लोग प्रतीक्षारत हैं।
|