अंतररराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आयफा) का पुरस्कार समारोह वर्ष 2007 में यॉर्कशायर में होने के बाद अब पड़ोसी देश आयरलैंड वर्ष 2010 के लिए इस प्रतिष्ठित समारोह की मेजबानी करने की दौड़ में है।
वर्ष 2010 के पुरस्कार समारोह की मेजबानी पाने के लिए आयरलैंड में एक समिति गठित की गई है। स्थानीय अधिकारियों को उम्मीद है कि मेजबानी से अर्थव्यवस्था में दो करोड़ पाउंड की राशि का प्रवाह होगा।
आयफा पुरस्कारों के ब्रांड एंबेसडर अमिताभ बच्चन यॉर्कशायर में जून 2007 में हुए समारोह के पुरोधा थे। हेडिंग्ले में एक क्रिकेट मैच के साथ ही शेफील्ड लीड्स और ब्रेडफोर्ड में कई कार्यक्रम हुए थे।
पर्यटन की दृष्टि से इससे फायदा हुआ था, क्योंकि आयफा 2007 समारोह के दौरान 80 लाख पाउंड की राशि खर्च की गई थी। आयफा का प्रतिनिधिमंडल सरकार और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधियों से मिलने के लिए दो बार आयरलैंड जा चुका है।
आयरलैंड पर्यटन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक और पयर्टन विभाग के अधिकारी बैंकाक में होने वाले वर्ष 2008 के आयफा पुरस्कार समारोह में भाग लेंगे। इनके साथ विदेश मंत्रालय का प्रतिनिधिमंडल भी शिरकत करेगा।
आयरलैंड के संस्कृति मंत्री के प्रवक्ता सीमस ब्रेनन ने कहा कि पुरस्कार समारोह की मेजबानी करने से काफी फायदा होगा। खासतौर पर भारत और एशिया में आयरलैंड की प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
ब्रेनन ने कहा वित्तीय सहायता देने से पहले आयोजन की लागत और उससे होने वाले फायदे का आकलन करना होगा। इससे आयरलैंड के विदेशों में होने वाले प्रचार और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के असली फायदे दर्शाये जा सकेंगे।
देश के पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि आयरलैंड के उभरते हुए बाजार के प्रचार के लिए आए हर अवसर का हम स्वागत करते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि भारत और चीन दो महत्वपूर्ण बाजार हैं और अगर हमें कारोबार को बढ़ाते रहना है तो पर्यटन उद्योग को पारंपरिक बाजार से हटकर विस्तार देना होगा। हमें नए और विकासशील बाजार में मौजूद अवसरों की ओर भी देखना होगा।
अधिकारियों को उम्मीद है कि बेंगलुरु में आयरलैंड की वाणिज्य दूत और भारतीय उद्यमी किरण मजूमदार वर्ष 2010 के आयफा पुरस्कार समारोह की मेजबानी के न्योते के लिए बनी समिति का हिस्सा बनेंगी।
|