संयुक्त राष्ट्र गाजा पट्टी में दी जा रही मानवीय सहायता पर रोक लगाने की तैयारी कर रहा है, क्योंकि वहाँ पर उसके वाहनों को तेल की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसरायल के तेल आपूर्ति पर प्रतिबंध और फिलिस्तीनी तेल वितरकों की हड़ताल के कारण गाजा पट्टी में तेल की जबरदस्त कमी उत्पन्न हो गई है।
गाजा पट्टी में मानवीय सहायता उपलब्ध कराने वाली संयुक्त राष्ट्र राहत कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) को तेल की कमी के कारण आज से खाद्य वितरण कार्यक्रम रोकना पडे़गा, जिससे छह लाख पचास हजार लोग प्रभावित होंगे।
यूएनआरडब्ल्यूए के प्रवक्ता क्रिस्टोफर गुन्नेस ने कहा कि हमारी कारों को पेट्रोल नहीं मिलने का मतलब है कि हमारी शिक्षा, राहत और अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रम बुरी तरह से प्रभावित होंगे, वहीं इसरायल के एक अधिकारी ने कहा कि गाजा पट्टी के ऊर्जा इकाई के लिए डीजल की एक खेप सीमा से गुजरी है, लेकिन इसरायल क्षेत्र के गाजा क्षेत्र में स्थित एक तेल डीपो पर विद्रोहियों के हमले के बाद तेल की आपूर्ति को फिर से रोक दिया गया है।
|