अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई की हत्या की साजिश रचने के मामले में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बहरहाल सरकार यह बार-बार कह रही है कि करजई पर 27 अप्रैल को किए गए हमले के पीछे पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में छिपे अल-कायदा के आतंकवादियों का हाथ है।
करजई पर 27 अप्रैल को काबुल में सैन्य परेड के दौरान हमले किए गए थे। हमले में करजई बाल-बाल बच गए, लेकिन तीन अन्य लोग मारे गए।
रक्षामंत्री अब्दुल रहीम वारडाक ने बताया कि जावेद नाम के सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। जावेद रक्षा मंत्रालय के हथियारों की मरम्मत से संबंधित एक कारखाने में कार्यरत था। उस पर तीन बंदूकधारियों को कथित रूप से दो एके-47 एसाल्ट राइफल और मशीनगन मुहैया कराने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा एक अन्य कर्मचारी जालमे को गिरफ्तार किया गया है। उस पर कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ताओं से संपर्क रखने का आरोप है।
|