अमेरिकी संसद की एक समिति ने विदेश मंत्री कोंडालीजा राइस से धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लघंन के लिए पाकिस्तान को विशेष चिंता वाले राष्ट्रों की फेहरिस्त में शामिल करने का आग्रह किया है।
अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता के लिए अमेरिकी आयोग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में वर्ष 2008 के लिए यह सिफारिश की गई है। आयोग ने पाकिस्तान के बारे में कहा है कि वहाँ जातीय या धार्मिक हिंसा आम बात है। खासतौर पर शिया मुसलमान, अहमदी, ईसाई और हिंदुओं के खिलाफ हिंसक घटनाएँ होती रहती हैं।
अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 1998 के तहत अमेरिका उन देशों को विशेष चिंता वाले राष्टों की सूची में शामिल करता है जहाँ की सरकारे धर्म अथवा मत की आजादी के सार्वभौमिक अधिकार के हनन में लिप्त हैं या ऐसा होने दे रही हैं।
पाकिस्तान के अलावा म्यांमार, उत्तर कोरिया, ईरान, चीन और सऊदी अरब को इस सूची में रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कुछ देशों पर नजर रखने की भी सिफारिश की गई है जिनमें अफगानिस्तान, बंग्लादेश, बेलारूस, क्यूबा, मिस्र, इंडोनेशिया और नाइजीरिया शामिल हैं।
|