आप आत्मविश्वास से लबरेज हैं तो वजन घटाना आपके लिए कोई मुश्किल काम नहीं है। हाल ही में किए गए एक शोध में यह बात सामने आई है।
क्वींसलैंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने एक अध्ययन में पाया कि अधिक व्यायाम करने या पौष्टिक भोजन करने के महिलाओं के निर्णय में आत्म दक्षता की प्रभावी भूमिका होती है।
प्रमुख अनुसंधानकर्ता रोन्डे एंडरसन के हवाले से आई खबरों में कहा गया कि आत्म दक्षता हमारा वह विश्वास होता है, जिसके जरिए हम इच्छा अनुरूप परिणाम हासिल कर पाते हैं। ज्यादा आत्म दक्षता वाले लोग उस समय भी स्वास्थ्य अनुकूल भोजन कर सकते हैं जब वे परेशान, ऊब से भरे, थके पार्टी में हों या छुट्टियाँ मना रहे हों।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की आत्मदक्षता का स्तर इस बात से तय होता है कि वह कठिनाइयों के आगे कितनी देर तक प्रयास करता है और कितनी देर तक उस स्थिति का सामना करता है। उच्च आत्मदक्षता वाले लोग प्रेरणादायक और आशावादी होते तथा संकट के समय वे रुकते नहीं हैं।
कम आत्म दक्षता वाले लोग कठिन कामों से परहेज करते हैं तथा संकट आने पर वे पलायन कर जाते हैं। हम आदर्श और दूसरों से प्रोत्साहन पाकर अपनी आत्मदक्षता बढ़ा सकते हैं।
|