स्थानीय चुनावों में पिछले 40 साल में सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की बुरी गत ने पहले से परेशान प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। पार्टी नेतृत्व में बदलाव की बयार भी चल पड़ी है। उधर, चुनावी नतीजों से हैरान- परेशान ब्राउन ने माना कि यह लेबर पार्टी की खराब रात है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए मौजूदा आर्थिक दिक्कतों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि वे देश को इन दिक्कतों से उबारेंगे।
ब्राउन के आलोचक पहले से अगले आम चुनाव से पहले नेतृत्व परिवर्तन की भविष्यवाणी कर रहे हैं। आम चुनाव में अब दो साल से भी कम का समय है।
इस बार 159 परिषदों के चुनाव हुए। अब तक 140 के नतीजे आ चुके हैं। इनमें सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी कंजरवेटिव पार्टी की झोली में 60 गए। उसे 12 का फायदा हुआ। लेबर पार्टी को महज 15 मिले। उसे नौ का नुकसान उठाना पड़ा।
लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की झोली में 11 गए। अन्य 54 में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं हो पाया। मतदान प्रतिशत के पूर्वानुमान के अनुसार केन्द्रीय सत्ता में आने के लिए पर तौल रही कंजरवेटिव पार्टी को 44 प्रतिशत मत मिले। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को 25 प्रतिशत मत मिले।
सबसे खराब स्थिति सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की रही। वह इस मामले में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से भी पीछे चली गई। उसे सिर्फ 24 प्रतिशत मत मिले। अंतिम परिणाम शनिवार शाम तक घोषित किए जाएँगे।
मेयर पद को लेकर उत्सुकता : शनिवार को आने वाले नतीजों में सबसे ज्यादा िदलचस्पी लंदन के मेयर को लेकर है। इसमें लेबर पार्टी के प्रत्याशी केन लिंविंगस्टोन कंजर्वेटिव और सांसद बोरिस जॉनसन के बीच मुख्य मुकाबला है।
लेबर पार्टी की हार को 1995 में स्थानीय काउंसिल चुनावों में कंजर्वेटिव प्रधानमंत्री जॉन मेजर के खराब प्रदर्शन के समान माना जा रहा है। चुनाव विशेषज्ञ जान कर्टिस ने बताया लेबर पार्टी को कम से कम 200 सीटों का घाटा हो सकता है।
स्थानीय चुनाव के नतीजों से खुश कंजरवेटिव पार्टी के प्रमुख डेविड कैमेरोन ने कहा कि यह उनकी पार्टी के लिए एक बड़ा क्षण है, लेकिन मैं नहीं चाहता कि कोई यह सोचे कि एक नाकाम सरकार के चलते हम जीत के हकदार थे। मैं चाहता हूँ कि हम सचमुच लोगों के सामने यह साबित करें कि हम वह परिवर्तन ला सकते हैं, जिनकी उन्हें आकांक्षा है।
बीबीसी के विश्लेषण के अनुसार लेबर पार्टी को अपने गढ़ों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। लिबरल डेमोक्रेट्स के उपनेता विंस केबल ने कहा हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हमने लेबर पार्टी को तीसरे स्थान पर पहुँचा दिया। पार्टी के मत सबसे ज्यादा उसके पारंपरिक गढ़ों में गिरे हैं। इससे पार्टी सांसदों के इस अंदेशे की पुष्टि हुई है कि ब्रिटिश अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में जारी गिरावट और 10 प्रतिशत कर दर को खत्म करने पर छिड़ा विवाद सत्तारूढ़ पार्टी के लिए महँगा साबित होगा।
|