डेमोक्रेटिक पार्टी के एक महत्वपूर्ण सांसद का समर्थन मिलने के बाद राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल बराक ओबामा को बड़ी राहत मिली है। एक ही पार्टी के बराक और हिलेरी क्लिंटन के बीच उम्मीदवारी को लेकर मुकाबला दिन-ब-दिन कड़ा होता जा रहा है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के पूर्व प्रमुख जोए एंड्रयू ने कहा कि वे अपने समर्थन का रुख हिलेरी क्लिंटन के बजाय बराक की ओर मोड़ रहे हैं। उन्होंने डेमोक्रेट्स से नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी की तगड़ी दावेदारी पेश करने के लिए अंदरूनी दरार को पाटने की अपील की है। एंड्रयू ने सुपर डेलीगेट्स को लिखे एक पत्र में कहा है आइए हम सब एक प्रेरणादायी नेता के पीछे एकजुट हो जाएँ जो न केवल पुरानी विघटनकारी राजनीति को चुनौती दे रहे हैं, बल्कि हमें एक बेहतर अमेरिका की उम्मीद भी दिखा रहे है। पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने 1999 में एंड्रयू को डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया था और वे इस पद पर आसीन होने वाले सर्वाधिक युवा नेता थे।
उन्होंने मंगलवार को उत्तरी कैरोलिना और इंडियाना में होने वाली प्राइमरी के बाद सभी डेमोक्रेट्स से एक उम्मीदवार के हाथ मजबूत करने की अपील की है।
|