भारत के प्रमुख सत्तारूढ़ गठबंधन की सदस्य कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गाँधी और टाटा समूह के मुखिया रतन टाटा को 'टाइम पत्रिका' द्वारा विश्व के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया गया है।
इस सूची में तिब्बती नेता दलाई लामा, अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश, राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हिलेरी क्लिंटन, बराक ओबामा, जॉन मकैन, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और रूस के ब्लादिमीर पुतिन शामिल हैं।
'टाइम' की वार्षिक सूची को पाँच वर्गों- नेता एवं क्रांतिकारी, हीरो, अग्रणी विज्ञानी एवं चिंतक, कलाकार एवं मनोरंजक और बिल्डर एवं टाइटंस में बाँटा गया है। सोनिया गाँधी को पहले वर्ग के अंतर्गत नेता एवं क्रांतिकारी के वर्ग में जगह मिली है। इस वर्ग में दलाई लामा, पुतिन, ओबामा, हिलेरी, मकैन और बुश शामिल हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावशाली व्यवसायी लोगों के वर्ग बिल्डर्स एंड टाइटंस में टाटा समूह के रतन टाटा के अलावा पेप्सिको के प्रमुख इंद्रा नूयी भी शामिल हैं। इस वर्ग में शामिल अन्य लोगों में न्यूज कार्प के रूपर्ट मर्डोक, एपल कम्प्यूटर के स्टीव जाब्स, माइक्रोसॉफ्ट के स्टीव बामर और मैक्सिको के अरबपति कार्लोस स्लिम प्रमुख हैं।
सोनिया गाँधी पर लिखे एक आलेख में पत्रिका ने लिखा है कि संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अधिकारी शशि थरूर के अनुसार 61 वर्षीय सोनिया गाँधी की कहानी हर स्तर पर उल्लेखनीय है।
थरूर ने कहा कि सोनिया की कहानी लिखने की इजाजत माँग रहे एक उपन्यासकार को एक परी की कहानी कहने के लिए माफ किया जा सकता है। एक खूबसूरत विदेशी महिला, एक अजनबी देश में आती है और एक राजकुमार से ब्याज रचाती है, लेकिन कहानी में एक मोड़ आता है। राजकुमारी को जब 'ताज' पहनने की पेशकश की जाती है तो वह उसे ठुकरा देती है।
टाटा के बारे में पत्रिका ने लिखा है कि चार साल पहले जबसे उन्होंने एक लाख रुपए की कार बनाने का सुझाव दिया तो प्रतिस्पर्धी ऑटो कंपनियों ने इसका मजाक उड़ाया, लेकिन जनवरी में टाटा ने अपनी लखटकिया कार पेश कर जो देखने में एक बेबी कार लगती है। 'नैनो' नाम की यह कार भारत के सभी ऑटोमोटिव मानकों को पूरा करेगी और इसकी बिक्री एक लाख रुपए में की जाएगी।
|