विश्व के सबसे बड़े बैंक सिटीग्रुप की अगुवाई कर रहे भारतीय मूल के विक्रम पंडित सबसे कम तनख्वाह पाने वाले अमेरिकी अधिकारियों की सूची में काफी नीचे के पायदान पर हैं।
हालाँकि सूची में 495वें स्थान पर रहे पंडित पिछले वित्त वर्ष के दौरान वेतन हासिल करने के मामले में विश्व के सबसे धनी व्यक्ति वॉरेन बफेट से आगे हैं। सूची में बफेट 1 लाख डॉलर वेतन पैकेज के साथ 497वें स्थान पर हैं, जबकि पंडित को इस दौरान 2.5 लाख डॉलर का वेतन पैकेज मिला।
'फोर्ब्स' की इस सूची में भारतीय मूल के कम से कम छह लोगों को जगह मिली है। ओरेकल के मुख्य कार्यकारी लैरी एलीसन ने 19.2 करोड़ डॉलर के कुल वेतन के साथ सूची में पहले पायदान पर जगह बनाने में सफल रहे।
भारतीय मूल के लोगों में इंद्रा नूयी 139वें पायदान पर, एडोब सिस्टम्स के शांतनु नारायण 154वें, रसायन कंपनी रोम एंड हास के राजलाल गुप्ता 399वें, क्वेस्ट डायग्नोस्टिक्स के एन. मोहापात्रा 406वें स्थान पर और काग्निजेंट मुख्य कार्यकारी फ्रैंसिस्को डिसूजा 487वें स्थान पर रहे।
फोर्ब्स की सूची में पेप्सिको की इंद्रा नूयी के वेतन का पैकेज 1.27 करोड़ डॉलर दर्शाया गया है, जबकि पंडित सब प्राइम संकट से जूझ रहे सिटीग्रुप के सीईओ के पद पर कार्यरत हैं। बैंकिंग क्षेत्र की कंपनियों में पंडित का 30वाँ स्थान है जबकि फूड ड्रिंक और तंबाकू उद्योग में नूयी का तीसरा स्थान है।
कंपनियों के कार्यकारियों का आकलन उनके पिछले साल के वार्षिक वेतन पैकेज के आधार पर किया गया है। भारतीय मूल के अन्य कार्यकारियों में अडोब के शांतनु नारायण को पिछले साल 1.19 करोड़ डॉलर का वेतन पैकेज हासिल हुआ। 44 वर्षीय नारायण सॉफ्टवेयर एवं सेवाओं के क्षेत्र में तीसरे स्थान पर रखा गया है।
|