सोमालिया में इस्लामी विद्रोहियों के खिलाफ अमेरिकी सेनाओं के अब तक के सबसे सफल अभियान में गुरुवार को यहाँ अल कायदा के एक स्थानीय सरगना समेत 30 इस्लामी विद्रोही मारे गए।
अल कायदा से जुड़े इस्लामी विद्रोहियों के गुट अल शबाब के प्रवक्ता मुख्तार अली रोबोव ने बताया कि अमेरिकी हवाई हमले में उनका सरगना अदन हाशि आयरो मारा गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने आज तड़के मध्य सोमालियाई शहर दुसामारेब में एक मकान पर जबरदस्त बमबारी की जिससे आरयो समेत सगंठन के चार असरदार लोग मारे गए।
सोमालिया और इथोपियाई सेना के खिलाफ तथाकथित इस्लामी जिहाद का नेतृत्व करने वाले आरयो का इस्लामी विद्रोहियों के बीच खासा दबदबा था और सभी बड़े अभियानो का संचालन उसके द्वारा ही किया जाता रहा।
इस बीच प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुसाबे के जिस घर पर हमला हुआ वहाँ चारो ओर मलबे में क्षत विक्षत शव पड़े हुए हैं। लोग मानव खोपड़ियों की गिनती कर मरने वालों की संख्या का अंदाजा लगा रहे हैं।
आरयो पर केन्या में स्थित अमेरिकी दूतावास पर 1998 में हुए बम विस्फोटों और इसराइल के एक बीच होटल में हुए विस्फोटों का आरोप है। इन विस्फोटों में तकरीबन ढाई सौ लोग मारे गए थे।
सुरक्षा बलों का कहना है कि जनवरी 2007 में अमेरिकी हवाई हमले में बच निकले आरयो ने 1990 के दौरान अफगानिस्तान में आतंकवाद का प्रशिक्षण हासिल किया था।
|