इराक में अप्रैल माह में हुई हिंसा की घटनाओं में कम से कम 1073 इराकी लोग मारे गए। इनमें से अधिकतर लोग सुरक्षाबलों और शिया उग्रवादियों के बीच हुए बर्बर संघर्ष का शिकार हुए।
इराक के आंतरिक स्वास्थ्य और रक्षा मंत्रालयों द्वारा उपलब्ध कराए गए आँकड़ों के मुताबिक अप्रैल में 966 नागरिक मारे गए। इसके अलावा इस अवधि में 69 पुलिसकर्मी और 38 सैनिक भी मारे गए।
अप्रैल में मारे गए लोगों की संख्या मार्च में मारे गए 1082 इराकी लोगों से कम है। एक सुरक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कल बताया कि अप्रैल में लोगों की मौत की मुख्य वजह शिया उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लड़ाई है।
मंत्रालयों से मिले सम्मिलित आँकड़ों के मुताबिक हिंसा में 1745 नागरिक घायल हुए जिससे देश को नुकसान पहुँचा। इसके अलावा 159 पुलिसकर्मी और 104 सैनिक घायल हुए।
अप्रैल में हिंसा का दौर जारी रहा। पिछले साल जून से हिंसा में कमी दर्ज की गई है। फरवरी में 721, जनवरी में 541, दिसम्बर में 568, नवम्बर में 606, अक्टूबर में 887, सितम्बर में 917 और अगस्त में 1856 लोग मारे गए।
पिछले साल सितम्बर से अब तक अमेरिकी सेना के लिए अप्रैल सबसे अशुभ महीना रहा। एक स्वतंत्र वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट लकासुलटाइस डॉट ओआरजी के मुताबिक अप्रैल में 49 सैनिक मारे गए। इराक में इन अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने के बाद मार्च 2003 से अब तक मारे गए कुल सैनिकों की संख्या 4061 पहुँच गई है।
|