लंदन के मेयर पद के लिए फिर से मैदान में उतरे केन लिविंग्सटोन को कन्जर्वेटिव प्रतिद्वन्दी बोरिस जॉनसन से कड़ी चुनौती मिल सकती है। इसके लिए गुरुवार को चुनाव होना है।
वैसे तो दस उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन केन और जॉनसन के बीच सीधा मुकाबला है। लेबर वामपंथी 62 वर्षीय केन ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा है कि पिछले आठ साल में लंदन दुनिया के सर्वाधिक सफल शहरों में से एक हो गया है। अधिक रोजगार के अवसर, पुलिस संरक्षण, बेहतर परिवहन प्रणाली, अच्छे सामुदायिक संबंध, ओलिंपिक में जीत तथा पर्यावरण पर कारगर नीतियों से यह सफलता मिली है। लेकिन अगले चार साल में लंदन को और आगे बढ़ाने की जरूरत है।
दूसरी ओर 43 वर्षीय जॉनसन इस नारे के साथ उन्हें चुनौती दे रहे हैं कि बेहतरी के लिए बदलाव की जरूरत है। उन्होंने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कहा है कि वे लंदन को सुरक्षित पर्यावरण के लिहाज से बेहतर बनाना चाहते हैं तथा करदाताओं को सहूलियत देना चाहते हैं, और उनके पास इस बारे में सोच है।
|