अमेरिकियों को जल्द ही भारत की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलेगा। यहाँ की दो प्रमुख कला दीर्घाओं में मुगलकालीन शासकों जहाँगीर और शाहजहाँ के जमाने की दुर्लभ पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है।
दो साल तक चलने वाले 'भारत उत्सव' के एक हिस्से के तौर पर 'द स्मिथसोनियन फ्रीइर गैलरी ऑफ आर्ट' तथा 'ऑर्थर एम सेक्लर गैलरी' द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में ये कलाकृतियाँ पेश की जाएगी। इन्हें चेस्टर बिटी लाइब्रेरी डबलिन ने मुहैया कराया है।
नेशनल माल में एक चैरिटी शो के साथ इन समारोहों की शुरुआत होगी और इसमें अमेरिका में भारतीय राजदूत रोनेन सेन भी मौजूद रहेंगे। राजस्थान में मारवाड़, जोधपुर के पूर्व महाराजा गजसिंह द्वितीय को विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। टाटा समूह इस समारोह का कोरपोरेट अध्यक्ष है।
मुरक्का शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी को मई से अगस्त के बीच देखा जा सकेगा तथा इसमें मुगलकालीन 86 पेंटिंग्स तथा बादशाह जहाँगीर (1605,1627) और शाहजहाँ (1627,1658) के समय की पांडुलिपियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
|