चीन के पूर्वी हिस्से में एक घातक वायरस की वजह से फैली बीमारी से कम से कम 20 बच्चों की मौत हो गई है और रोजाना सैंकड़ों लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं साथ ही यह आस-पास के इलाकों में भी फैल रही है।
ईवी-71 नाम के इस वायरस से हाथ-पैर और मुँह की बीमारी हो जाती है। मार्च के आरंभ से ही इस बीमारी ने अन्हुई क्षेत्र के फुयांग शहर में अपने पैर पसार रखे हैं, लेकिन इसके बारे में विधिवत जानकारी कल दी गई है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक इस बीमारी से दो वर्ष से कम आयु के कम से कम 20 बच्चे मौत के मुँह में समा चुके हैं और अब तक इसके 1520 मामले सामने आए हैं। चीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अखबार के मुताबिक इस वायरस के और फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बीजिंग न्यूज के मुताबिक यह वायरस अब पड़ोसी हेन्नान प्रांत में भी फैल गया है। इसकी वजह से बुखार, लकवा और मस्तिष्क में सूजन आ सकती है।
ज्यादातर चिकित्सकों और मरीजों ने पहले इसे सामान्य बीमारी समझकर काफी वक्त बर्बाद कर दिया। वायरस के बारे में 40 दिन से ज्यादा तक जनता से जानकारी छुपाने से मीडिया में प्रशासन की कड़ी आलोचना हो रही है।
|