दुनिया के रईसजादों की सूची जारी करने को लेकर चर्चा में रहने वाली अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स ने पहली बार विश्व के दस अति वांछित भगोड़ों की सूची जारी की है, जिसमें अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम ने जगह हासिल की है।
मुम्बई स्थित एक संगठित अपराध समूह डी कंपनी के मुखिया दाऊद इब्राहिम कासकर फोर्ब्स की इस सूची में चौथे पायदान पर हैं, जबकि शीर्ष पायदान पर जगह बनाई है दुनिया के अव्वल दर्जे के आतंकी सरगना अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन ने।
पत्रिका का कहना है कि यद्यपि पाकिस्तान सरकार इस संभावना से इनकार करती है कि 52 वर्षीय इब्राहिम उसके देश में है। माना जाता है कि उसके तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैं और वह भारत, यमन और पाकिस्तान के पासपोर्ट पर यात्रा करता है।
पत्रिका के मुताबिक एक पुलिसकर्मी का पुत्र दाऊद मादक पदार्थों की तस्करी फर्जीवाड़ा हथियारों की तस्करी और हत्या सहित विभिन्न अपराधों में लिप्त है और उसने अपराध का एक साम्राज्य खड़ा किया है।
वर्ष 1993 में मुम्बई बम धमाकों के पीछे भी दाऊद का हाथ माना जाता है। इन धमाकों में 257 लोगों की जान गई थी और 713 लोग घायल हुए थे।
|