लॉस एंजिल्स के निकट 400 एकड़ क्षेत्र में फैले सियेरा मैड्री के जंगल में लगी भीषण आग के कारण लगभग 400 लोगों को उनके घरों से हटाया गया है।
अधिकारियों ने इस जंगल के आसपास स्थित 400 से 500 घरों में रह रहे लोगों को तत्काल घर खाली करने का आदेश दिया है।
पिछले शनिवार को भड़की इस जंगल की आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 400 गाड़ियों की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही आग बुझाने के काम में दो हेलिकाप्टर और तीन एयर टैंकरों की भी मदद ली जा रही है।
आग भड़कने के समय पहाड़ियों पर स्थित कैंप ग्राउंड में जारी विवाह समारोह में शामिल करीब 50 लोगों को आग से चारों ओर से घिर जाने के बाद हेलिकाप्टर के जरिये सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया है।
सियेरा मेड्री शहर के अधिकारियों ने बताया कि आग की इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
बताया जाता है कि आग पर नियंत्रण पाने में कम से चार से पाँच दिन लग सकते हैं। आग की वजह से जंगल के आसपास के इलाके का तापमान बढ़कर 37 डिग्री तक पहुँच गया है।
|