नेपाली कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि माओवादी प्रमुख प्रचंड के नेतृत्व में सरकार का गठन करने से पहले माओवादियों को अपने हथियार सार्वजनिक तौर पर नष्ट कर देना चाहिए अथवा उन्हें अधिकारियों के हवाले कर दिया जाना चाहिए।
नेपाल में हाल ही में संपन्न संविधान सभा के चुनाव में नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (माअवोदी) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
नेपाली कांग्रेस के उपप्रमुख गोपाल मानश्रेष्ठ ने कहा कि नेकपा (माओवादी) प्रमुख प्रचंड को अगर अगली सरकार का नेतृत्व करने की इच्छा है तो उन्हें माओवादियों की जनमुक्ति सेना (पीएलए) के सुप्रीम कमांडर का पद छोड़ देना चाहिए।
श्रेष्ठ ने कहा कि पीएलए ओर नेपाल सेना का प्रमुख एक ही समय में एक ही व्यक्ति नहीं हो सकता। सरकार बनाने से पहले पूर्व विद्रोहियों को अपने हथियार या तो सार्वजनिक रूप से नष्ट कर देना चाहिए अथवा उन्हें अधिकारियों के हवाले कर देना चाहिए।
|