अगर मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी के धन को आपस में जोड़ दें तो वे दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। संडे टाइम्स के मुताबिक अंबानी बंधुओं की कुल संपत्ति 43 अरब पाउंड आँकी गई है।
अखबार की सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में भारतीय मूल के इस्पात किंग लक्ष्मी मित्तल यूरोप के सबसे धनी व्यक्ति हैं और उनकी संपत्ति 27.7 अरब पाउंड आँकी गई है।
हर साल अपनी संपत्ति में साढे़ आठ अरब पाउंड का इजाफा दर्ज करने वाले मित्तल दुनिया के छठे सबसे रईस व्यक्ति हैं और उनकी कंपनी आर्सेलर मित्तल का मूल्य 57.2 अरब पाउंड है, जिसमें मित्तल परिवार की हिस्सेदारी 43 फीसदी है।
सूची के मुताबिक अलग हो चुके मुकेश और अनिल अंबानी की संपत्ति को एक कर दिया जाए तो 43 अरब पाउंड के कुल नेटवर्थ के साथ अंबानी बंधु अमेरिका के वाल्टन परिवार (38.4 अरब पाउंड) और माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख बिल गेट्स (29 अरब पाउंड निवल संपत्ति) को पीछे छोड़ देंगे। संडे टाइम्स की सूची में 2008 में 50 सबसे धनाढ्य लोगों में 15 अरब पाउंड नेटवर्थ के साथ केपी सिंह और 7.5 अरब पाउंड के साथ शशि रुइया एवं रवि रुइया शामिल हैं।
इस बीच हिंदुजा बंधु एसपी हिंदुजा और जीपी हिंदुजा 6.2 अरब पाउंड नेटवर्थ के साथ ब्रिटेन के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति हैं। वहीं अनिवासी उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पाल ब्रिटेन में रहने वाले दस सबसे समृद्ध एशियाई लोगों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।
|