अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई रविवार को एक समारोह में हुए आत्मघाती हमले में बाल-बाल बच गए। ताजा खबर यह है कि करजई को सुरक्षित रूप से राष्ट्रपति भवन पहुँचा दिया गया है।
इस आतंकी हमले में 2 सांसदों के घायल होने तथा तीन आतंकवादियों के मारे जाने का समाचार है।
राष्ट्रपति पर आज उस वक्त आत्मघाती हमला किया गया जब वे राजधानी काबुल में सोवियत सेना की अफगानिस्तान में हुई हार की सोलहवीं सालगिरह के मौके पर आयोजित समारोह में शिरकत कर रहे थे। जब यह समारोह चल ही रहा था, तभी अचानक 6 आतंकवादी ऑटोमैटिक राइफल और रॉकेट लांचर से लैस होकर आए और ताबड़तोब फाइरिंग करने लगे, जिसकी वहज से वहाँ भगदड़ मच गई।
राष्ट्रपति करजई के सुरक्षा दस्ते ने सबसे पहले करजई को सुरक्षित बाहर निकालकर लैंड क्रूजर गाड़ी से बैठाकर राष्ट्रपति भवन पहुँचा दिया। जब आत्मघाती हमला किया गया, तब समारोह में करजई के अलावा कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे। हालाँकि इस घटना में अफगानिस्तान के दो सांसद घायल हुए हैं।
बाद में सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों में मुठभेड़ हुई, जिसमें 3 आतंकवादी मारे गए। यह भी समाचार मिला है कि 6 आतंकवादियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राष्ट्रपति करजई पर हुए इस हमले की जिम्मेदारी तालीबान ने ली है। तालीबानी पहले भी करजई पर कई बार हमला कर चुके हैं। तालीबान को आतंकियों से मुक्त कराने के बाद अमेरिका ने ही हामिद करजई को राष्ट्रपति नियुक्त किया था। हालाँकि उनके सुरक्षा दस्ते में अभी भी कई अमेरिकी मौजूद हैं।
|