चीन ने नेपाल को आगामी पाँच वर्षों में विश्व की सबसे ऊँची रेल सम्पर्क से जोड़ने की योजना बनाई है। तिब्बत की राजधानी ल्हासा से रेल सम्पर्क को आगे बढाकर नेपाल की सीमा तक ले जाया जाएगा।
अन्तरराष्ट्रीय विभाग के महानिदेशक अई पिंग के नेतृत्व में आए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के एक प्रतिनिधि मण्डल ने कल प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोईराला से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि चीन की सरकार ने आगामी पाँच वर्षों में किंगघई-तिब्बत रेल को नेपाल-चीन की सीमा पर स्थित खाशा तक बढ़ाने की तैयारी कर ली है।
प्रधानमंत्री कोईराला के विदेश मामलों के सलाहकार आदित्य बराल ने 'हिमालयन टाइम्स' को बताया कि पिंग ने जानकारी दी है कि चीन ने ब्राड गेज रेल सेवा के ल्हासा से खासा तक के विस्तार की योजना को 11वीं पंचवर्षीय योजना में शामिल कर लिया है। उन्होंने परियोजना के आगामी पाँच वर्षों में पूरा होने की उम्मीद जताई।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल से चीन के ताजा निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि नेपाल की सीमा तक सड़क, वायु और रेल सम्पर्क के विस्तार से दोनों देशों के वर्तमान राजनयिक सम्बन्धों में मजबूती आएगी।
|