मेनचेस्टर की एक पत्रिका 'एशियन लाइट' को व्यावसायिक मीडिया फोरम 'हाउ डू' ने क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ पत्रिकाओं में से एक का सम्मान दिया है। इस पत्रिका के संपादक भारतीय मूल के पत्रकार अनसुद्दीन अजीज हैं। ब्रिटेन के भारतीय समुदाय में यह पत्रिका खासी लोकप्रिय है। पत्रिका का लक्ष्य ब्रिटेन के व्यावसायिक एशियाई लोग हैं जिनमें हाल ही में ब्रिटेन आए भारतीय प्रवासी भी शामिल है। एशियन लाइट को सिद्धांतों पर अडिग रहने वाली पत्रिका माना जाता है क्योंकि इसमें गुमराह करने वाले विज्ञापन नहीं लिए जाते हैं। मंदिर, गुरुद्वारा जैसे धार्मिक स्थानों में पत्रिका की काफी अच्छी पहुँच है।
पत्रिका का प्रकाशन जून 2007 में शुरु हुआ था। 180 प्रविष्टियों में से एशियन लाइट आठ सर्वश्रेष्ठ प्रकाशनों में स्थान बनाने में सफल हुई थी। इसका चयन बारह सदस्यीय पैनल ने किया था, जिसमें बीबीसी के गार्डन बर्न्स और जिम हेनकाक भी शामिल थे। मेनचेस्टर में इस सप्ताह हुए 'हाउ डू' वार्षिक पुरस्कारों में पत्रिका को सम्मानित किया।
अजीज ने बताया कि यह नामांकन उनके लिए जन्मदिन के पुरस्कार के समान है। उन्होंने कहा कि मेनचेस्टर आधुनिक पत्रकारिता का मक्का है। ब्रिटिश एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडियन ओरीजिन और एशियन बिजनेस डेवलपमेंट नेटवर्क के मीडिया सहयोगी के रूप में एशियन लाइट पहली ब्रिटिश एशियाई पत्रिका है, जिसने इंटरनेट टेलीविजन प्रारंभ किया है।
|