मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
...तो आतंकी नहीं बनता ओसामा
अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी सरगना ओसामा बिन लादेन के बड़े भाई सलेम की विमान दुर्घटना में मौत एक ऐसी घटना थी, जो अगर नहीं होती तो ओसामा कभी आतंकवाद के रास्ते पर नहीं जाता।

पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखक स्टीव कोल की बिन लादेन परिवार के बारे में लिखी गई नई किताब 'द बिन लादेन्स' में यह बात कही गई है। कोल ने एक विशेष साक्षात्कार में बताया कि इस नई किताब की खासियत यह है कि इसमें बिन लादेन परिवार को समझने की कोशिश की गई है। किताब यह भी जानने की कोशिश करती है कि कैसे एक पढ़ा-लिखा व्यक्ति इस्लामी जेहाद के रास्ते पर चला गया।

किताब के मुताबिक वर्ष 1967 में ओसामा के पिता की मौत हो गई थी। उस समय ओसामा महज नौ साल का था। ओसामा के पिता की मौत के बाद उसके सौतेले भाई सलेम ने सारा करोबार संभाल लिया। सलेम की सऊदी अरब के शाही खानदान के साथ काफी नजदीकियाँ थीं।

इन्हीं नजदीकियों का फायदा बिन लादेन परिवार को हुआ और उन्हें बड़ी-बड़ी इमारतों के निर्माण का ठेका मिला। धीरे-धीरे बिन लादेन परिवार पर दौलत बरसने लगी। सलेम ने बिन लादेन परिवार के लिए अकूत संपत्ति एकत्र कर ली।

हालाँकि उस समय ओसामा भी पारिवारिक कारोबार से जुड़ा हुआ था, लेकिन साथ ही वह इस्लामी शिक्षा भी ग्रहण कर रहा था। वर्ष 1988 में सलेम की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। सलेम ओसामा के लिए पिता समान था। सलेम की मौत के बाद ओसामा टूट गया। इसी दौरान उसका परिचय मिस्र में अयमन अल जवाहिरी और दूसरे इस्लामी विद्वानों से हुआ।

ओसामा का दिमाग कारोबार की बजाय इस्लाम की ओर मुड़ गया। ओसामा यमन के इस्लामी विद्रोहियों को मदद देने लगा। इसी दौरान इराक ने कुवैत पर हमला कर दिया। कुवैत की मदद के लिए अमेरिकी फौज सऊदी अरब पहुँच गई। बस इसी समय ओसामा ने तय कर लिया कि वह अपना जीवन इस्लामी जेहाद को समर्पित कर देगा। ओसामा ने अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा अफगानिस्तान में सोवियत सेनाओं से लड़ रहे मुजाहिदीनों को भी जेहाद के लिए दिया।

कोल ने बताया कि मैं सलेम के कई दोस्तों से मिला हूँ। उनका कहना था कि अगर सलेम आज जिंदा होता तो ओसामा कभी इस रास्ते पर नहीं चलता। ओसामा अपने 53 भाई-बहनों में सलेम को सबसे ज्यादा चाहता था। ओसामा की गतिविधियों से सऊदी अरब का शाही परिवार खुद को खतरे में महसूस करने लगा और उन्होंने ओसामा को देश छोड़कर चले जाने के लिए कहा। ओसामा सूडान, मिस्र, जार्डन, पाकिस्तान होते हुए अन्त में अफगानिस्तान पहुँचा।

कोल का कहना है कि बिन लादेन परिवार के नियंत्रण वाली कंपनियों में बड़ी संख्या में विदेशी कर्मचारी काम करते थे, जिनमें कुछ अमेरिका के भी थे। उस समय ओसामा खुले दिमाग का व्यक्ति था लेकिन भाई की मौत के बाद वह कट्टरवाद की और बढ़ता चला गया।
और भी
दलाई लामा पर चीनी मीडिया के सुर नरम नहीं
निकोल की खुशी का राज
परमाणु करार पर गेंद अब भारत के पाले में
चीन में हो सकता है आतंकी हमला
हार्वर्ड को दस करोड़ डॉलर देंगे राकफेलर
मैडोना ने उठाया मलावी की मदद का बीड़ा