अमेरिकी सरकार ने चीन जा रहे अपने देश के नागरिकों को चेतावनी दी है कि निकट भविष्य में इस एशियाई देश पर बड़ा आतंकवादी हमला हो सकता है।
इंटरपोल के प्रमुख रोनाल्ड नोबल ने एक सुरक्षा सम्मेलन में कहा था कि बीजिंग ओलिंपिक के दौरान अल कायदा या कोई अन्य आतंकवादी गुट खतरनाक हमला कर सकता है। इसी के मद्देनजर अमेरिका ने चीन जा रहे अपने नागरिकों के लिए यह चेतावनी जारी की है।
अमेरिकी विदेशी विभाग ने इस चेतावनी में कहा है कि अगस्त में होने वाले ओलिंपिक खेलों के समान कोई बड़ा जनआयोजन आतंकवादियों का निशाना हो सकता है। इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि उग्रवादी निकट भविष्य में चीन में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दें।
चीन जा रहे अपने नागरिकों को अमेरिका ने सलाह दी है कि वे सुरक्षा इंतजाम करके जाएँ, पूरी तरह से सचेत रहें खासतौर पर किसी बड़े जनआयोजन के समय।
इसमें कहा गया है कि चीनी अधिकारियों ने हवाई अड्डों पर सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने मार्च में भी चीन यात्रा के प्रति एक चेतावनी जारी की थी जिसमें आतंकवाद की आशंका को बहुत ही कम बताया गया था।
|