चीन आज तिब्बत मसले पर दलाई लामा के एक प्रतिनिधि से बात करने के लिए राजी हो गया है। दलाई लामा के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के लिए चीन पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का जबरदस्त दबाव था और यह दबाव बढ़ता ही जा रहा था। सरकारी समाचार समिति शिन्हुआ ने चीन के एक गुमनाम अधिकारी के हवाले से कहा है चीन के अधिकारी आने वाले दिनों में दलाई लामा के एक प्रतिनिधि से मुलाकात करेंगे। इस अधिकारी के मुताबिक दलाई लामा की ओर से बातचीत के लिए लगातार निवेदन को देखते हुए केंद्र सरकार का संबंधित विभाग आने वाले दिनों में दलाई के निजी प्रतिनिधि से संपर्क करेगा और सलाह-मशविरा करेगा।
उल्लेखनीय है कि तिब्बत की राजधानी ल्हासा में पिछले माह सरकार विरोधी दंगे भड़कने के बाद चीन ने दलाई लामा पर दंगे भड़काने का आरोप लगाया था।
दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय समुदाय तभी से चीन पर दलाई लामा से संवाद के लिए निरंतर दबाव बना रहा था। चीन अगस्त में होने वाले ओलिंपिक खेलों की मेजबानी कर रहा है।
दूसरी ओर चीन के अधिकारी ने यह भी कहा है कि दलाई लामा को चीन की छवि खराब करने के उद्देश्य से जारी गतिविधियों पर विराम लगाने के लिए भरोसेमंद कदम उठाने की जरूरत है। इसमें बातचीत के लिए हिंसा पर रोक और बीजिंग ओलिंपिक खेलों के आयोजन में बाधा नहीं पहुँचाने की शर्त भी शामिल है। भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने चीन के इस नए कदम का स्वागत किया है। दलाई लामा के सचिव तेनजिन ताखला ने एक बयान में कहा दस मार्च के बाद से महामहिम ने चीन के नेतृत्व तक पहुँचने के लिए हर प्रयास किया।
बयान में कहा गया है कि वे लंबे समय से कहते आए हैं कि हमारे मतभेदों को सुलझाने का एकमात्र तरीका आमने-सामने बैठकर बातचीत करना है।
चीन के अधिकारियों और दलाई लामा के दूत के बीच बातचीत के नए दौर से तिब्बत के समर्थन में जारी प्रदर्शनों पर विराम लगने की उम्मीद की जा रही है।
|