सँयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजनयिक डेन गिलरमैन ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिम्मी कार्टर को कट्टर करार देते हुए उनकी हमास नेताओं से मुलाकात की निंदा की है।
न्यूयॉर्क में बातचीत में गिलरमैन ने कहा कि वह कार्टर की सीरिया में हमास नेताओं से मुलाकात से हतप्रभ है और अब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति को कट्टर ही कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सीरिया में हमास नेताओं के साथ कार्टर की मुलाकात के बाद अब उनके हाथ खून से सन गए है। इस बीच अटलांटा स्थित द कार्टर सेन्टर की ओर से इजरायली राजनयिक के इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गौरतलब है कि सीरिया में कार्टर ने हमास नेता खालिद मेशाल के साथ पश्चिम एशिया में शांति प्रक्रिया के बारे में बातचीत की थी। हमास नेताओं ने उन्हें बताया था कि फिलीस्तीन की जनता 1967 की सीमाओं को बहाल कर नया राष्ट्र बनाना चाहती है। सोमवार को अमेरिका ने मेशाल के इस बयान की आलोचना की थी।
अमेरिका ने कहा था कि क्या हमास इजरायल को नष्ट करने के अपने एजेंडे को छोड़ने के लिए तैयार है। उधर कार्टर ने अमेरिकी विदेश विभाग की अनिच्छा के बावजूद हमास नेताओं से बातचीत कर बुश प्रशासन को नाराज कर दिया है। अमेरिका और यूरोपीय संघ हमास को एक आतंकवादी संगठन मानते है।
|