हर कैदी अपनी रिहाई के दिन गिनता रहता है। वह सोचता रहता है कि कब छूटेगा। कुछ तो भागने की फिराक में रहते हैं, लेकिन ब्रिटेन में कैदियों के साथ दूसरी ही स्थिति है। यहाँ से वे जाना ही नहीं चाहते बल्कि यहाँ उन्होंने अपने लिए ऐशो आराम के सभी साधन जुटा लिए हैं।
ब्रिटेन में कारागार के अधिकारियों के संघ के नेता ने बताया कि कैदी यहाँ पर इतना आरामदायक महसूस करते हैं कि यहाँ से निकल भागने के किसी मौके को वह आजमाना ही नहीं चाहते। कैदियों के विभाग के महासचिव ग्लिन ट्रेविस ने यहाँ टाक स्पोर्ट रेडियो को बताया कि पूर्वी यार्कशायर स्थित एवरथोर्पे कारागृह में कैदियों ने मोबाइल, ड्रग्स यहाँ तक कि सेक्स की सुविधा का भी जुगाड़ कर लिया है। ट्रेविस ने बताया कि कैदियों में ड्रग्स के सेवन की लत एक बड़ी समस्या बन चुकी है तथा कई बार तो कैदी चोरी से वेश्याओं को भी अंदर ले आते हैं। एक उदाहरण देते हुए ट्रेविस ने बताया कि जेल की दीवारों पर चोरी-छिपे ड्रग सप्लाई करने वाले लोगों ने सीढ़ियाँ लगा रखी हैं, लेकिन फिर भी किसी ने यहाँ से भागने का प्रयास तक नहीं किया है।
|