नॉर्थ-ईस्ट पाकिस्तान के मरदान शहर में पुलिस थाने के नजदीक शुक्रवार को हुए धमाके में एक पुलिसकर्मी समेत कम से कम तीन लोग मारे गए। घटना में कई लोग जख्मी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह माना जा रहा है कि बम थाने के पास खड़ी एक कार के अंदर छुपाकर रखा गया था। सुबह छह बजे से कुछ देर पहले हुए इस धमाके को कई किलोमीटर की दूरी तक सुना गया। धमाके से पुलिस थाने के इमारत की बाहरी दीवार और पास में मौजूद एक होटल को काफी नुकसान पहुँचा है।
अफसरों के मुताबिक उन्हें आशंका है कि मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है क्योंकि धमाके के शिकार कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धमाकों में एक एएसआई की मौत हो गई, जबकि दस पुलिसवाले घायल हो गए।
18 फरवरी को हुए आम चुनावों में पाकिस्तान की नई गठबंधन सरकार के बनने के बाद से यह अभी तक के बड़े बम हमलों में से एक है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने आतंकवादी संगठनों से शांति कायम रखने के लिए बातचीत शुरू की थी।
|